नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा, गुरुवार को काठमांडू लौट आए. यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. 80 वर्षीय देउबा अपनी पत्नी और पूर्व मंत्री आरज़ू राणा देउबा के साथ 25 फरवरी को इलाज के लिए सिंगापुर गए थे. पिछले साल 9 सितंबर को Gen-Z विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने उनकी बेरहमी से पिटाई की थी. वह और आरज़ू राणा देउबा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इलाज के लिए लगभग छह महीने विदेश में रहने के बाद काठमांडू पहुंचे देउबा ने देश और पार्टी की एकजुटता का आह्वान किया. गुरुवार को जारी एक बयान में देउबा ने कहा कि वह "सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए" लौटे हैं. उन्होंने पिछली कड़वाहट और दुश्मनी के जख्मों को भरने तथा बदले की भावना के बजाय मेल-मिलाप का रास्ता चुनने की अपील की.