तमिलनाडु के शिवकाशी में कृष्णा पायरोटेक्निक्स नाम की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, नमस्कारीथनपट्टी में चल रही पटाखा फैक्ट्री में उस वक्त अचानक विस्फोट हो गया, जब फैक्ट्री के अंदर वर्कर्स रोजना की तरह अपने काम में लगे हुए थे. फैक्ट्री में जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में बालमुरुगन नामक एक वर्कर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अहमद इब्राहिम को तुरंत इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले की उसकी मौत हो गई.
रिपोर्ट के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री में केमिकल मिलाने के लिए खरीदी गई एक नई मशीन की टेस्टिंग की गई, जिसे सेंट्रल पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स कंट्रोल बोर्ड से लाइसेंस मिला हुआ है. गुजरात के बड़ौदा के रहने वाले इंजीनियर अहमद इब्राहिम मशीन को इंस्टॉल और टेस्ट कर रहे थे, तभी वहां धमाका हो गया. धमाके के बाद, फैक्ट्री में भयंकर आग लग गई. फायर एंड रेस्क्यू सर्विस के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए.