Surprise Me!

swm news: राखी मेल पर डाक विभाग की सौगात: बहनों का स्नेह अब 10 फीसदी छूट के साथ

2026-08-14 23 Dailymotion


वॉटरप्रूफ पैकिंग और गिफ्ट बॉक्स सुरक्षित पहुंचेगी राखीडाक विभाग ने बहनों के लिए की विशेष व्यवस्था

सवाईमाधोपुर. रक्षाबंधन पर बहनों के स्नेह को दूर बैठे भाइयों तक पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने इस बार एक अनोखी और राहतभरी पहल की है। अब बहनों को अपनी राखी भेजने के लिए भारी शुल्क की चिंता नहीं करनी होगी। स्पीड पोस्ट से राखी भेजने पर उन्हें 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। यह सुविधा पूरे जिले में शुरू हो चुकी है। लेकिन इस छूट का लाभ तभी मिलेगा जब राखी वाले लिफाफे पर साफ और बड़े अक्षरों में ‘राखी मेल’ लिखा होगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि बिना ‘राखी’ अंकित लिफाफे पर सामान्य शुल्क ही लिया जाएगा। इस व्यवस्था से बहनों का विश्वास और भाई‑बहन के रिश्ते का भाव सुरक्षित तरीके से डाक के जरिए दूर तक पहुंच सकेगा।

राखी मेल’ लिखना अनिवार्य, तभी मिलेगा छूट का लाभ

भारतीय डाक विभाग ने रक्षाबंधन पर बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट किया है कि केवल वही लिफाफे विशेष श्रेणी में शामिल होंगे जिन पर बड़े अक्षरों में ‘राखी मेल’ अंकित होगा। यदि लिफाफे पर ‘राखी’ नहीं लिखा गया है तो ग्राहक से सामान्य स्पीड पोस्ट शुल्क ही लिया जाएगा। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम पांच राखी मेल स्पीड पोस्ट ही बुक करा सकेगा। इसके अलावा विदेश में भी राखी भेजने के लिए आईपीएस सेवा शुल्क 185 रुपए निर्धारित किया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य है कि बहनों का स्नेह सुरक्षित और समय पर भाइयों तक पहुंच सके।

बहनों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था

प्रधान डाकघर में राखी भेजने वाले लोगों की सुविधा के लिए काउंटर लगाए गए है। विभाग ने रक्षाबंधन को देखते हुए राखी की बुकिंग को आसान बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। बहनों को राखी सुरक्षित तरीके से भेजने के लिए वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें छोटे लिफाफे की कीमत 10 रुपए, बड़े लिफाफे की 15 रुपए और गिफ्ट बॉक्स की कीमत 30 रुपए तय की गई है। इन विशेष पैकिंग सुविधाओं से राखी को सुरक्षित और आकर्षक तरीके से भेजा जा सकता है।

आम ग्राहकों को ही मिलेगा लाभ

राखी मेल पर मिलने वाली 10 प्रतिशत छूट की सुविधा केवल आम ग्राहकों के लिए होगी। स्पीड पोस्ट की बुकिंग डाकघर के काउंटर से ही करानी होगी। बीपीएनपीएल, कारपोरेट और बल्क ग्राहकों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि 10 प्रतिशत की छूट सिर्फ डाक शुल्क पर लागू होगी। वैल्यू एडेड सेवाओं पर यह छूट नहीं दी जाएगी।

फैक्ट फाइल...

-सवाईमाधोपुर व करौली जिले में कुल उपडाकघर-49

- सवाईमाधोपुर, गंगापुरसिटी व हिण्डौन में संचालित है प्रधान डाकघर।
-करौली में है मुख्य डाकघर

- ग्रामीण क्षेत्रों में शाखा डाकघर 429 संचालित है।
इनका कहना है...
रक्षाबंधन पर लोगों की सुविधा को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य लोगों को कम शुल्क में राखी सुरक्षित और समय पर भेजने की सुविधा देना है।
नरेश कुमार, डाक अधीक्षक, सवाईमाधोपुर