सवाईमाधोपुर नगरपरिषद में ओबीसी आरक्षण से बदला चुनावी समीकरण
सवाईमाधोपुर. प्रदेश में नगर निकाय चुनावों के लिए गुरुवार को निकाली गई लॉटरी ने जिले की राजनीति का समीकरण बदल दिया है। नगर परिषदों और नगरपालिकाओं के अध्यक्ष पदों के आरक्षण की घोषणा के बाद अब सवाईमाधोपुर नगर परिषद का सभापति पद ओबीसी वर्ग के लिए सुरक्षित हो गया है। इसी क्रम में बौंली का पद भी ओबीसी वर्ग को मिला है, जबकि खण्डार और वजीरपुर नगरपालिकाओं के अध्यक्ष पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं बामनवास नगरपालिका का अध्यक्ष पद एसटी वर्ग के लिए तय हुआ है।
पिछले बार कांग्रेस का था बोर्ड
सवाईमाधोपुर नगर परिषद का सभापति पद पिछले बार एससी वर्ग के लिए सुरक्षित था। इसी आधार पर यहां कांग्रेस का बोर्ड बना और सभापति के रूप में विमल चंद महावर चुने गए। उस समय कांग्रेस ने नगर परिषद में अपनी पकड़ मजबूत की थी और स्थानीय राजनीति में नया संतुलन बना था। सभापति महावर रिश्वत लेते हुए ट्रैप हो गए थे। इस घटना ने पूरे जिले की राजनीति को हिला दिया। राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया था और नगर परिषद अचानक अस्थिरता के दौर में पहुंच गई।
कार्यवाहक सभापति की होती रही नियुक्तियां
महावर के निलंबन के बाद राज्य सरकार ने कार्यवाहक सभापति नियुक्त किए। बोर्ड की समाप्ति तक यहां सुनील तिलकर कार्यवाहक सभापति रहे। उन्होंने परिषद की जिम्मेदारी संभाली और प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन अस्थिरता का असर पूरे कार्यकाल में बना रहा।
फैक्ट फाइल...-निकाय का नाम-सवाईमाधोपुर नगरपरिषद
- कुल वार्ड- 60
-कुल मतदाता- 91 हजार 897
-पुरुष मतदाता- 44 हजार 284
-महिला मतदाता- 47 हजार 609
-ट्रांसजेंडर-4
-कुल मतदान केंद्र- 94