प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' पर भारत के विभाजन से प्रभावित लोगों को श्रद्धांजलि दी. पीएम ने उनके साहस और हिम्मत को याद किया. पीएम ने X पोस्ट में लिखा कि आज हम 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' मना रहे हैं. हम उन सभी लोगों के साहस को याद करते हैं जो विभाजन से प्रभावित हुए थे. यह इतिहास का वह दौर था जिसने कई जिंदगियों को तहस-नहस कर दिया. परिवार उजड़ गए, लोगों ने अपनों को खो दिया और भारी पीड़ा सही. आगे उन्होंने लिखा कि इन मुश्किलों से उबरते हुए लोगों ने शून्य से अपनी जिंदगी फिर से बनाई, मुश्किल हालात को कामयाबी में बदला और देश की तरक्की में बड़ा योगदान दिया. पीएम ने कहा कि उनकी ज़िंदगी का सफर हमें इंसानी जज़्बे की ताकत की याद दिलाता है. यह दिन हमारे देश में भाईचारा और एकता बनाए रखने के हमारे संकल्प को और मजबूत करे और हम सब मिलकर 'विकसित भारत' बनाने की दिशा में काम करें.