भुवनेश्वर के बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया, जब फ्लाइट कैंसिल होने से नाराज एक महिला यात्रा ने वहां बवाल करना शुरू कर दिया. कथित तौर पर महिला ने एयरपोर्ट के करीब 49 हजार के सामान को नुकसान पहुंचाया. बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण कोलकाता जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट रद्द कर दी गई, जिसके बाद महिला यात्री का गुस्सा फूट पड़ा. वो वहां मौजूद सामान को फेंकते हुए कर्मचारियों पर जोर-जोर से चिल्लाने लगी. जानकारी के मुताबिक उस महिला के बच्चे की तबीयत ठीक नहीं थी और ऐसे में जब फ्लाइट कैंसिल हुई तो वो आपा खो बैठी. एयरपोर्ट पर मौजूद CISF अधिकारियों, इंडिगो स्टाफ, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कर्मचारियों और SITA के कर्मचारियों ने यात्री को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ. महिला ने जिन चीजों को नुकसान पहुंचा उनमें 22 हजार का मॉनिटर, 4 हजार का कीबोर्ड और 23 हजार की पासपोर्ट-स्वाइपिंग मशीन शामिल है.
एयरपोर्ट पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला यात्री भुवनेश्वर से कोलकाता के लिए इंडिगो फ्लाइट नंबर 6E 7352 में बुकिंग की थी. विमान को दोपहर 2 बजकर 35 बजे रवाना होना था, लेकिन पहले इसे शाम साढ़े पांच बजे के लिए टाल दिया गया और तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट रद्द कर दी गई. अधिकारियों के मुताबिक, उसे दूसरी फ्लाइट से जाने की अनुमति दे दी गई है.