नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या शुक्रवार देर शाम से लेकर आधी रात तक देश की राजधानी दिल्ली का हर कोना देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया. स्वतंत्रता के महापर्व पर रात होते ही दिल्ली की प्रमुख और ऐतिहासिक इमारतें आकर्षक और भव्य रोशनी से जगमगा उठीं. राष्ट्रपति भवन को विशेष और अत्याधुनिक आर्किटेक्चरल लाइटिंग से सजाया गया, जिससे उसकी भव्यता और अधिक बढ़ गई. संसद मार्ग से लेकर कनॉट प्लेस तक की सड़कों और सरकारी भवनों पर की गई आकर्षक रोशनी ने राहगीरों का मन मोह लिया. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, ITO से मंडी हाउस मेट्रो और वायुसेना भवन तिरंगे में रंगा नजर आया. इसके साथ ही दिल्ली विधानसभा भवन को भी रंग-बिरंगी और तिरंगे की रोशनी से खूबसूरती से सजाया गया, जो लोकतंत्र के इस पावन पर्व पर शहर की रौनक में चार चांद लगा रहा है. ऐतिहासिक इमारतों की इस सजावट और रोशनी को देखने के लिए शहर के बाजारों और स्मारकों के आसपास सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के जवान चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद दिखाई दिए.