देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नई दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. ध्वजारोहण के बाद देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए खड़गे ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और आधुनिक भारत की नींव रखने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को नमन किया.
इस दौरान खड़गे ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सरकार ने भारत के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया है, बल्कि ये सिर्फ पुरानी योजनाओं के नाम बदलकर झूठा क्रेडिट लेना जानते हैं. अपने संदेश में खड़गे ने आजादी के असली मायने समझाते हुए कहा कि सच्ची आजादी सिर्फ ब्रिटिश राज से मुक्ति नहीं, बल्कि हर नागरिक को बिना डर के अपनी बात कहने का अधिकार और न्याय मिलना है.