सरकारी स्कूलों के निरीक्षण पर निकली CJP के कार्यकर्ताओं को भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है. जयपुर के सांगानेर इलाके के पास रामपुरा कंवरपुरा गांव में सीजेपी के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया. सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनकी टीम के पूर्व निर्धारित दौरे से पहले कार्यकर्ताओं के स्कूल पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और उन्हें स्कूल परिसर में आने से रोक दिया. ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर आपत्ति जताई. मामला उस समय और गरमा गया, जब सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी मौके पर पहुंच गए. दोनों पक्षों में तीखी नोक-झोंक हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई. CJP कार्यकर्ताओं ने बीजेपी पर मारपीट और गुंडागर्दी का आरोप लगाया.
वहीं, ग्रामीणों ने सीजेपी पर स्थानीय मुद्दों के राजनीतिकरण का आरोप लगाया और बाहरों लोगों के स्कूल कैंप में एंट्री पर रोक लगा दी. ऐसे में जब सीजेपी कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे तो दोनों में झड़प शुरू हो गई. वहीं, कांग्रेस ने भी इस घटना को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है.