तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को एक बड़ा कूटनीतिक और राजनीतिक झटका लगा है. केंद्र सरकार ने उनके प्रस्तावित अमेरिका (USA) दौरे को राजनीतिक आधार पर मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के मुताबिक, विदेश मंत्रालय ने उनके 'तेलंगाना राइजिंग प्रतिनिधिमंडल' को क्लियरेंस नहीं दी, जिसके चलते अब उन्हें अमेरिका का दौरा रद्द करना पड़ा है.
CM रेवंत रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं. उन्हें यूके दौरे के बाद 24 अगस्त को अमेरिका के बोस्टन और न्यूयॉर्क जाना था, जहां हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, MIT और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के कार्यक्रम प्रस्तावित थे. हालांकि, अब वे 23 अगस्त को सीधे हैदराबाद लौटेंगे. CM ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना अमेरिका जाए ही वहां के संस्थानों के साथ MoU और साझेदारी समझौतों को पूरा करें.