नई दिल्ली: देश की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई अब इस दुनिया में नहीं रहीं. बुधवार को उन्हें दिल्ली के लोधी रोड स्थित निजामुद्दीन कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक कर दिया गया. मोहसिना किदवई के जनाजे में देश की राजनीति की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहे. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी इस मौके पर पहुंचे और उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की. वहीं, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने भी किदवई को एक मजबूत और प्रेरणादायक नेता बताया. इसके अलावा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर, राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और रामपुर से सांसद नदीबुल्ला खान भी आखिरी विदाई देने पहुंचे. बता दें कि मोहसिना किदवई ने अपने राजनीतिक जीवन में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं. वह केंद्र सरकार में मंत्री भी रहीं. उन्होंने दशकों तक जनता की सेवा की. उनकी सादगी और जनता के प्रति समर्पण उन्हें एक अलग पहचान देता था. आज जब उन्हें सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया, तो हर किसी की आंखें नम थीं.