भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच व्हाइट हाउस में अहम बैठक हुई है. इस बैठक में व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज और खास तौर पर ‘क्वाड’ जैसे बड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. इसी बैठक के बाद एक और बड़ी खबर आई कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अगले महीने भारत की यात्रा पर आ सकते हैं. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इस बैठक को सार्थक बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया.
इससे पहले विक्रम मिसरी ने अमेरिका के उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ और एलिसन हूकर से भी अलग-अलग मुलाकात की. इन बैठकों में रक्षा, अर्थव्यवस्था और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया. साथ ही फारस की खाड़ी की स्थिति और अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर भी बातचीत हुई, जो ये दिखाता है कि यह सिर्फ द्विपक्षीय नहीं, बल्कि वैश्विक रणनीति से जुड़ी बैठक थी.