कोलकाता के भबानीपुर विधानसभा क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी चुनावी जंग देखने को मिलेगी. ये इलाका मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ रहा है. भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीट कोलकाता के भबानीपुर से नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को चुनाव मैदान में उतारा है. शुभेंदु अपनी मौजूदा सीट नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ेंगे, जहां उन्होंने 2021 में ममता को मात दी थी. हालांकि, भबानीपुर की तस्वीर बिल्कुल अलग है। बनर्जी 2011 से इस सीट पर काबिज हैं, और उन्होंने अब तक तीन बार जीत हासिल की है। इनमें से दो बार उप-चुनावों में मिली जीत भी शामिल है. उनका निजी आवास इसी निर्वाचन क्षेत्र में है। जमीन पर मतदाताओं की राय बंटी हुई दिख रही है. मुख्यमंत्री के भबानीपुर से दोबारा चुनाव लड़ने के फैसले को देखते हुए, कई लोगों को कड़े मुकाबले की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए यह मुकाबला आसान नहीं दिख रहा है. भबानीपुर के कुछ मतदाता बदलाव के लिए शुभेंदु अधिकारी की ओर देख रहे हैं.