Surprise Me!

सूरत में बड़ा हादसा, ज्वेलरी फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस से चार लोगों की मौत

2026-06-07 23 Dailymotion

गुजरात के सूरत शहर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां एक आभूषण निर्माण इकाई में सुबह सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस के असर से चार लोगों की मौत हो गई. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. इस बारे में जोन-1 के पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि मौत का प्राथमिक कारण दम घुटना प्रतीत होता है, हालांकि मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी. उन्होंने कहा कि घटना अश्विनी कुमार क्षेत्र स्थित एक सेप्टिक टैंक में हुई, जिसमें ज्वेलरी की सफाई प्रक्रिया से निकलने वाला अपशिष्ट को एकत्र किया जाता है. उन्होंने बताया कि इकाई के सेप्टिक टैंक की हर दो महीने में सफाई और रखरखाव किया जाता है. पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह एक सुपरवाइजर और तीन मजदूर टैंक में उतरे थे. इस दौरान जहरीली गैस के प्रभाव की वजह से वे बेहोश हो गए और चारों की मौत हो गई. अधिकारी ने कहा कि हम यह जांच कर रहे हैं कि इस घटना के लिए कौन लापरवाही जिम्मेदार है, क्योंकि शुरूआती जांच से पता चलता है कि सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन नहीं किया गया था. मामले की विस्तार से जांच की जाएगी.