पाकिस्तान के कराची में एक मिलिट्री बेस पर हुए हमले को लेकर पाकिस्तान के आरोपों को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान...भारत पर उंगली उठाने के बजाय अपनी ज़मीन से चल रहे आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करे. जायसवाल ने एक बयान में कहा "हमने कराची की हालिया घटना के बारे में भारत पर बेबुनियाद आरोप लगाने वाली पाकिस्तान की रिपोर्ट देखी हैं. हम उन्हें पूरी तरह से खारिज करते हैं. दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय, पाकिस्तान के लिए बेहतर होगा कि वह अपने अंदर झांके". कराची में हुए हमले में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालीबान पाकिस्तान के गुट जमात-उल-अहरार के आतंकवादियों ने शनिवार करीब रात साढ़े आठ बजे गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में सिंध रेंजर्स के भिट्टाई विंग हेडक्वार्टर पर हमला किया. इसके बाद आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक गोलीबारी चली. पाकिस्तान के स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट के कमांडो और एंटी-टेररिस्ट फोर्स ने रेंजर्स के जवानों के साथ मिलकर छह आतंकवादियों को मार गिराया और एक घायल हमलावर को पकड़ लिया. इस हमले में पाकिस्तान सेना के चार सैनिक मारे गए