पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट से पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बड़ी राहत मिली है. डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने मंगलवार को अगस्त 2023 से अदियाला जेल में बंद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान को स्वास्थ्य जांच के लिए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल भेजने का आदेश दिया है. साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में इमरान खान के इलाज और और मेडिकल जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. अदालत ने यह आदेश इमरान की चिकित्सा हालत को लेकर बढ़ती चिंताओं के बाद दिया है. देश में राजनीतिक कैदियों पर लगी कड़ी पाबंदियों का जिक्र करते हुए कोर्ट ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे इमरान की उनके परिवार वालों से हर हफ्ते मुलाकात पक्का करें. डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट ने आगे एक मेडिकल बोर्ड बनाने का भी आदेश दिया, जिसके साथ इमरान के पर्सनल डॉक्टर और उनकी बहन, उजमा खान जुड़े रहेंगे.