देश के कई राज्यों में लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने बाढ़ का संकट गहरा दिया है. मध्य प्रदेश के मंडला में नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि ओडिशा के जाजपुर और पश्चिम बंगाल के घाटाल में बाढ़ से सड़कें, खेत और घर प्रभावित हैं. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और प्रशासन हाई अलर्ट पर है. हालात को देखते हुए SDRF, होमगार्ड और राहत-बचाव टीमें तैनात की गई हैं और लोगों से नदी व जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की जा रही है.