ईरान और अमेरिका के बीच एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है. अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने भी हमले तेज कर दिए हैं. उसने बहरीन, कुवैत, कतर और यूएई स्थिति अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए हैं. संयुक्त अरब अमीरात ने रविवार को लोगों को मिसाइल और ड्रोन हमले की चेतावनी दी, क्योंकि पास के कतर में धमाकों की आवाज सुनी गई. धमाकों के कुछ ही देर बाद कतर में मिसाइल अलर्ट बजा. कतर की सेना ने एक बयान में कहा कि उसने ईरान की तरफ से आ रहे हमले को रोक दिया. इस बीच, बहरीन में भी मिसाइल अलर्ट बजा. यह फारस की खाड़ी में स्थित एक द्वीपीय देश है, जहां अमेरिकी नौसेना का 5वां बेड़ा (फ्लीट) तैनात है. कुवैत की सेना ने कहा कि वह भी आ रहे हमलों को रोकने की कोशिश कर रही थी.यह तुरंत साफ नहीं हो पाया कि यूएई में किन जगहों को निशाना बनाया गया. ईरान के हालिया हमलों के दौर में अब तक यूएई को निशाना नहीं बनाया गया था. अमीरात (जहां अबू धाबी और दुबई स्थित हैं) पर पिछला हमला मई में हुआ था, जब एक ड्रोन ने देश के एकमात्र परमाणु ऊर्जा संयंत्र के किनारे आग लगा दी थी.ईरान ने दूसरी जगहों पर हुए हमलों के बारे में भी कई दावे किए, जिनकी तुरंत पुष्टि नहीं हो सकी.