असम अब भी बाढ़ की चपेट में है. असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक राज्य के 15 जिले, 39 रेवेन्यू सर्कल और 481 गांव बाढ़ में डूबे हुए हैं. प्रभावित जिलों में गोलाघाट, सिबसागर, उदलगुरी, कामरूप (मेट्रो), कामरूप, नागांव, दारंग, सोनितपुर, होजई, लखीमपुर, विश्वनाथ, जोरहाट, चराईदेव, कार्बी आंगलोंग और धेमाजी शामिल हैं. राज्य में बाढ़ से दो और लोगों की मौत हो गई है और इस तरह बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है. आंकडों के मुताबिक, राज्य भर में बाढ़ से 1 लाख 68 हजार 701 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 14 हजार 382.26 हेक्टेयर में लगी फसल डूब गई है. बाढ़ से सबसे ज़्यादा 49 हजार 515 लोग शिवसागर में, उसके बाद 27 हजार 842 लोग जोरहाट और 21 हजार 486 लोग चराईदेव में प्रभावित हुए हैं.